रायपुर में ट्रैफिक पुलिस की बड़ी कार्रवाई: रिंग रोड नंबर 2 पर नो पार्किंग में खड़े 40 ट्रकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई, 3 चालकों पर आपराधिक प्रकरण दर्ज

रायपुर, रायपुर पुलिस ने रिंग रोड नंबर 2 पर नो पार्किंग में खड़े भारी मालवाहक वाहनों के खिलाफ सख्त अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। अभियान के तहत 40 भारी मालवाहक वाहनों पर चालानी कार्रवाई की गई है, जबकि 3 ट्रक चालकों के खिलाफ बीएनएस की धारा 285 के तहत आपराधिक प्रकरण भी दर्ज किया गया है।

यह कार्रवाई पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) डॉ. प्रशांत शुक्ला के मार्गदर्शन में की गई। यातायात थाना टाटीबंध और भनपुरी की संयुक्त टीम द्वारा यह अभियान चलाया गया।

दर्ज हुए अपराध:

पुलिस ने तीन ट्रक चालकों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 285 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। इनमें शामिल हैं:

सीजी 28 क्यू 2520 के चालक रज्जू ठाकुर

एमएच 40 सीएम 2231 के चालक हिमाचल लोधी

सीजी 19 एच 8372 के चालक तेजराम साहू

यातायात व्यवस्था बाधित:

रायपुर शहर के रिंग रोड नंबर 1 और 2 पर अक्सर भारी वाहनों को नो पार्किंग जोन में खड़ा कर दिया जाता है, जिससे सामान्य यातायात बाधित होता है और जाम की स्थिति बन जाती है। साथ ही, दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ जाती है। पुलिस का यह अभियान इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए चलाया गया।

चेतावनी भी जारी:

पुलिस ने स्पष्ट रूप से अन्य वाहन चालकों को चेतावनी दी है कि भविष्य में यदि वे आम सड़कों या नो पार्किंग जोन में अपने वाहन खड़े करते हैं, तो उनके खिलाफ भी बीएनएस की धारा 285 के तहत अपराध दर्ज किया जाएगा।

पुलिस की इस कार्रवाई को शहरवासियों द्वारा सराहा जा रहा है और उम्मीद जताई जा रही है कि इससे रिंग रोड पर यातायात व्यवस्था बेहतर होगी।