रायपुर: अवैध शराब बेचते युवक गिरफ्तार, 85 पौव्वे देशी मदिरा जब्त

रायपुर। खमतराई पुलिस ने अवैध शराब बिक्री के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 85 पौव्वा देशी मदिरा मसाला और बिक्री की रकम बरामद की गई।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 27 जून को खमतराई थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि गंगानगर रोड स्थित पाटीदार भवन के पीछे एक व्यक्ति अवैध रूप से शराब बेच रहा है। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दबिश दी, जहां एक युवक सफेद रंग की प्लास्टिक बोरी में शराब बेचते पकड़ा गया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम संजू साहू उर्फ टमाटर (19 वर्ष), निवासी साई राम चौक, गोवर्धन नगर, थाना खमतराई रायपुर बताया। आरोपी के कब्जे से 85 पौव्वा देशी मदिरा मसाला (कुल 15.300 बल्क लीटर), जिसकी कीमत करीब 8500 रुपये आंकी गई, तथा बिक्री की रकम 480 रुपये जब्त की गई। कुल कीमत लगभग 8980 रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार आरोपी पूर्व में भी अवैध शराब बिक्री, मारपीट और छेड़खानी जैसे मामलों में जेल जा चुका है। इस मामले में आरोपी के खिलाफ थाना खमतराई में अपराध क्रमांक 703/25, धारा 34(2) छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सचिन सिंह, सउनि रेखलाल भारती, आरक्षक सुमीत वर्मा और प्रदीप यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।