रायपुर,: राजधानी रायपुर के डी.डी. नगर थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज हत्या का खुलासा हुआ है, जिसमें वकील और उसकी पत्नी सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों ने 58 वर्षीय किशोर पैकरा की हत्या कर शव को ट्रॉली बैग में बंद कर सुनसान इलाके में फेंक दिया था।
पुलिस को 23 जून को वण्डरलैंड वाटरपार्क के पीछे डिपरापारा नाला के पास एक संदिग्ध टिन पेटी मिलने की सूचना मिली थी, जिसमें से बदबू आ रही थी। जांच में पाया गया कि पेटी के अंदर एक लाल रंग के सूटकेस में सीमेंट से ढंका हुआ एक शव है, जिसके दोनों पैर बंधे हुए थे।
हत्या की वजह बना 30 लाख का आर्थिक विवाद
हत्या का मास्टरमाइंड वकील अंकित उपाध्याय और उसकी पत्नी शिवानी शर्मा बताए गए हैं। मृतक किशोर पैकरा से आरोपी ने करीब 30 लाख रुपये जमीन के सौदे में लिए थे, जिसका भुगतान नहीं किया गया था। बार-बार रुपये मांगने से तंग आकर वकील दंपत्ति ने हत्या की साजिश रची।
दिल्ली एयरपोर्ट से पकड़े गए आरोपी
हत्या के बाद आरोपी फरार होकर दिल्ली भाग गए थे। रायपुर पुलिस ने दिल्ली एयरपोर्ट अधिकारियों से समन्वय कर फ्लाइट से उतरते ही वकील दंपत्ति को गिरफ्तार कर लिया।
हत्या की योजना और क्रियान्वयन
अंकित उपाध्याय ने फर्जी आधार कार्ड बनाकर किराए पर अल्टो कार खरीदी और रायपुर के इन्द्रप्रस्थ कॉलोनी में एक मकान किराए पर लिया। 21 जून को मृतक को झांसे में लेकर किराए के मकान में लाया गया, जहां दोनों पति-पत्नी ने मिलकर गला दबाकर और चाकू से वार कर उसकी हत्या कर दी।
22 जून को आरोपियों ने शव को ट्रॉली बैग और टिन पेटी में बंद कर सीमेंट डालकर पैक किया और 23 जून को अपने परिचित विनय यदु और सूर्यकांत यदु की मदद से शव को सुनसान स्थान पर फेंक दिया।
जांच में जुटी पांच टीमें, फॉरेंसिक और साइबर यूनिट की बड़ी भूमिका
एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह और आईजी अमरेश मिश्रा के निर्देशन में डी.डी. नगर थाना और एंटी क्राइम व साइबर यूनिट की संयुक्त कार्रवाई में मामला सुलझाया गया। मौके से आल्टो कार, दो दोपहिया वाहन और पांच मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपी:
- अंकित उपाध्याय (31 वर्ष) – पेशे से वकील, मुख्य साजिशकर्ता
- शिवानी शर्मा (24 वर्ष) – आरोपी की पत्नी, सहआरोपी
- विनय यदु (23 वर्ष) – शव ठिकाने लगाने में मददगार
- सूर्यकांत यदु (21 वर्ष) – सहायक आरोपी
पुलिस टीम को नकद इनाम की घोषणा
हत्या की गुत्थी सुलझाने वाली पुलिस टीम को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने नकद इनाम देने की घोषणा की है।

