समग्र शिक्षा विभाग की भर्ती में घोटाले के आरोप, कांग्रेस ने जांच की मांग की

रायपुर, 29 जुलाई। समग्र शिक्षा विभाग में ठेका कंपनियों के माध्यम से हुई भर्ती पर कांग्रेस ने गंभीर आरोप लगाए हैं। प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि 2.5 से 3 लाख रुपये में पद बेचे गए और तीन दिन में भर्ती प्रक्रिया पूरी कर 35,000 पेपर जांचकर नियुक्ति दे दी गई। उन्होंने पूरी परीक्षा को निरस्त कर पारदर्शी तरीके से दोबारा कराने की मांग की है।

धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि ठेका कंपनियों ने पहले से तय अभ्यर्थियों से स्टांप पेपर पर शपथ पत्र भरवाया और बाकी उम्मीदवारों से मोटी रकम मांगी गई। कोविड में सेवा दे चुके युवाओं को बोनस अंक नहीं दिए गए। उन्होंने इसे सरकार और ठेका कंपनियों की मिलीभगत से प्रदेश के युवाओं के साथ किया गया षड्यंत्र बताया।

कांग्रेस ने इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच, ठेका कंपनियों को ब्लैकलिस्ट करने और एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।