छत्तीसगढ़ ने स्वच्छता में मारी लंबी छलांग, 25 शहर टॉप-100 में शामिल

रायपुर, 29 जुलाई। स्वच्छता सर्वेक्षण 2024-25 में छत्तीसगढ़ ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए देशभर के टॉप-100 शहरों में अपने 25 शहरों को जगह दिलाई है। पिछली बार यह संख्या 16 थी। 169 में से 115 शहरों ने अपनी रैंकिंग सुधारी है।

राज्य की राजधानी रायपुर को सेवन स्टार गारबेज-फ्री सिटी और वाटर प्लस का दर्जा मिला है। वहीं 62 नगरीय निकायों ने अपनी स्टार रेटिंग बेहतर की है। सिंगल, थ्री और फाइव स्टार शहरों की संख्या 71 से बढ़कर 114 हो गई है। बिलासपुर और अंबिकापुर ने थ्री से फाइव स्टार, जबकि भिलाई नगर, जगदलपुर, जामुल और घरघोड़ा ने सिंगल से थ्री स्टार दर्जा पाया।

ओडीएफ प्लस प्लस की श्रेणी में 163 निकाय पहुंचे हैं, जिनमें बिलासपुर, कोरबा और भिलाई नगर अब वाटर प्लस हो गए हैं। कई शहरों ने रैंकिंग में शानदार उछाल दर्ज किया है — सिमगा (649 से 95), जशपुर (637 से 91), भिलाई नगर (267 से 22), और रायपुर (12 से 4)।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इसे जनता और स्थानीय निकायों के साझा प्रयासों का फल बताया, वहीं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने बताया कि 7,400 करोड़ की स्वच्छता योजना और नियमित मॉनिटरिंग से यह उपलब्धि मिली है।