राजनांदगांव: मोहड़ रेत उत्खनन प्रकरण में तीन फरार आरोपी गिरफ्तार, एक देशी कट्टा बरामद

राजनांदगांव जिले के मोहड़ गांव में अवैध रेत उत्खनन और फायरिंग के मामले में पुलिस ने तीन फरार आरोपियों को भोपाल से गिरफ्तार किया है। आरोपियों में जितेन्द्र नारौलिया, अमन सिंह परिहार और अभय सिंह तोमर शामिल हैं। पुलिस ने अभय सिंह तोमर के कब्जे से एक देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया है।

घटना 11 जून 2025 की है, जब ग्रामीणों ने अवैध रेत परिवहन रोकने की कोशिश की, तो आरोपियों ने मारपीट करते हुए फायरिंग की थी। मामले में पहले ही चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। गिरफ्तारियों के बाद अब तक कुल सात आरोपियों को पकड़कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है।

अपराध में प्रयुक्त वाहन एम.जी. हैक्टर (CG-08-AR-7157) भी जब्त किया गया है। पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग के निर्देशन में बनाई गई विशेष टीमों ने मध्यप्रदेश के कई शहरों में दबिश देकर यह कार्रवाई की। शेष आरोपियों की तलाश जारी है।