रायपुर में विदेशी मुद्रा चोरी का सनसनीखेज खुलासा: कंपनी के ही कर्मचारी निकले मास्टरमाइंड, दो गिरफ्तार, 20 हजार डॉलर बरामद

रायपुर | 06 जून 2025
राजधानी रायपुर में अंतरराष्ट्रीय मुद्रा (डॉलर) की चोरी के एक बड़े मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। देवेंद्र नगर स्थित बी.के. ट्रांसपोर्ट से 20 हजार डॉलर (भारतीय मुद्रा में करीब 17.30 लाख रुपये) की अदला-बदली कर की गई चोरी के मामले में पुलिस ने कंपनी के ही दो कर्मचारियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से पूरी चोरी की रकम के अलावा मोबाइल फोन और एक लग्जरी कार जब्त की गई है।

यह कार्रवाई एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और देवेंद्र नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने अंजाम दी। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में साहिल गोधवानी (22) और आयरिश जुनैद (22) शामिल हैं, जबकि एक अन्य आरोपी नूरूल हुसैन फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

चोरी का मास्टरमाइंड निकला कंपनी का कर्मचारी

जांच में सामने आया कि इस वारदात का मास्टरमाइंड साहिल गोधवानी था, जो कि जादवानी फॉरेक्स प्राइवेट लिमिटेड नामक विदेशी मुद्रा विनिमय कंपनी में काम करता था। उसे इस बात की पूरी जानकारी थी कि कब और कितनी विदेशी मुद्रा कहां भेजी जा रही है। इसी जानकारी का फायदा उठाते हुए उसने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी की साजिश रची।

पहले से तैयार नकली पार्सल से की गई डॉलर पैकेट की अदला-बदली

घटना 3 जून को घटी, जब कंपनी के कर्मचारी अमोद गुप्ता ने 20 हजार डॉलर (100 डॉलर के 200 नोट) का पार्सल बी.के. ट्रांसपोर्ट, पंडरी बस स्टैंड से नागपुर ब्रांच के लिए रवाना किया। लेकिन अगली सुबह नागपुर ब्रांच से सूचना मिली कि भेजे गए पार्सल में डॉलर नहीं हैं।

जांच में पता चला कि पार्सल को एक अन्य नकली लिफाफे से बदल दिया गया था। सीसीटीवी फुटेज और कर्मचारियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने जब कंपनी के कर्मचारी साहिल से पूछताछ की, तो वह लगातार बयान बदल रहा था। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने चोरी की बात कबूल की।

घटना में शामिल वाहन और मोबाइल फोन भी जब्त

पुलिस ने आरोपी साहिल और उसके साथी आयरिश जुनैद को गिरफ्तार कर उनके पास से चोरी किए गए 20 हजार डॉलर, चार मोबाइल फोन और एक हेक्टर कार (क्रमांक CG 04 NL 9069) बरामद की है। कुल जब्त सामग्री की कीमत लगभग 38 लाख रुपये आंकी गई है।

फरार आरोपी की तलाश जारी

घटना में शामिल तीसरा आरोपी नूरूल हुसैन फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस ने बताया कि इस पूरे ऑपरेशन में सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर की सूचना और तकनीकी साक्ष्यों का सहारा लिया गया।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई

इस कार्रवाई का नेतृत्व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और पुलिस उपमहानिरीक्षक के निर्देश पर एएसपी ग्रामीण कीर्तन राठौर, एएसपी क्राइम संदीप मित्तल, सीएसपी सिविल लाइन अजय कुमार, डीएसपी क्राइम संजय सिंह, थाना प्रभारी आशीष यादव और एंटी क्राइम यूनिट प्रभारी परेश पांडेय समेत पुलिस की संयुक्त टीम ने किया।

जांच में टीजीआर शंकर यादव, सउनि अतुलेश राय, प्रमोद वर्थी, पुष्पराज परिहार, विक्रम वर्मा, केशव सिन्हा, मनोज सिंह, प्रशांत शुक्ला सहित कई पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही।

रायपुर पुलिस ने बेहद कम समय में मामले का खुलासा कर एक बड़ी सफलता अर्जित की है, वहीं अब सभी की नजरें फरार आरोपी की गिरफ्तारी पर टिकी हैं।