रायपुर। मुख्य सचिव विकासशील ने प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि राज्य के सभी शासकीय प्राथमिक और पूर्व माध्यमिक स्कूलों में विद्यार्थियों को नियमित रूप से गरम भोजन और पूरक पोषण उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने योजना की जमीनी स्तर पर सतत मॉनिटरिंग तथा रसोई गैस की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में शहरी क्षेत्रों और आसपास के स्कूलों में सेंट्रल किचन के माध्यम से भोजन सप्लाई की व्यवस्था पर जोर दिया गया। मुख्य सचिव ने महिला स्व-सहायता समूहों को सब्जी एवं मसाला उत्पादन से जोड़ने के निर्देश भी दिए, ताकि बच्चों को ताजी सब्जियां मिल सकें और समूहों की आय बढ़े। राज्य में 56 हजार से अधिक सरकारी स्कूलों के 29 लाख से ज्यादा विद्यार्थियों को इस योजना का लाभ मिल रहा है।

