रायपुर | तेलीबांधा पुलिस और एंटी क्राइम यूनिट की संयुक्त कार्रवाई में भाठागांव स्थित हिस्ट्रीशीटर रोहित सिंह तोमर और उसके भाई वीरेंद्र सिंह तोमर के मकान पर मंगलवार को दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान टीम ने मकान से 35 लाख से ज्यादा नकद, सोने-चांदी के जेवर, लग्जरी गाड़ियां, अवैध हथियार समेत करोड़ों रुपए की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस ने जानकारी दी कि आरोपी रोहित सिंह तोमर थाना तेलीबांधा में दर्ज एक प्रकरण में फरार है। लगातार प्रयासों के बावजूद उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी, जिसके बाद कोर्ट से सर्च वारंट हासिल कर यह कार्रवाई की गई। तलाशी टीम में तेलीबांधा थाना, एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, पुरानी बस्ती थाना और रक्षा टीम के अधिकारी शामिल थे।
जब्ती की गई संपत्ति में क्या-क्या शामिल है:
₹35,10,300 नकद रकम
734 ग्राम सोने के जेवरात
125 ग्राम चांदी के जेवरात
बीएमडब्ल्यू (CG 04 LC 1111), थार (CG 04 PA 0017) और ब्रेजा (CG 04 NS 1917) वाहन
आई-पैड, लैपटॉप, सीपीयू, डीवीआर, एटीएम कार्ड, चेक बुक, रजिस्टर, ई-स्टॉम्प, नोट गिनने की मशीन
भूमि दस्तावेजों के साथ अवैध हथियार – 5 लोहे की तलवारें, 1 रिवॉल्वर, 1 पिस्टल, जिंदा राउंड और कारतूस
आरोपियों पर आर्म्स एक्ट के तहत अलग से केस
छापे में अवैध हथियार मिलने के बाद पुरानी बस्ती थाना में आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अलग से मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी रोहित सिंह तोमर की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर की गई इस संयुक्त कार्रवाई ने राजधानी में एक बार फिर यह स्पष्ट किया है कि अपराधियों पर शिकंजा कसने की दिशा में रायपुर पुलिस पूरी गंभीरता से काम कर रही है।

