रायपुर |
रायपुर पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई में भाठागांव स्थित सांई विला से भारी मात्रा में अवैध संपत्ति और हथियार जब्त किए हैं। यह कार्रवाई थाना तेलीबांधा में दर्ज अपराध क्रमांक 332/25 के तहत की गई, जिसमें आरोपी रोहित सिंह तोमर फरार है।
जप्त की गई संपत्ति में शामिल हैं:
नगदी ₹37,10,350
734 ग्राम सोने के जेवर
125 ग्राम चांदी के जेवर
बीएमडब्ल्यू (CG 04 LC 1111), थार (CG 04 PA 0017), ब्रेजा (CG 04 NS 1917) वाहन
CPU, लैपटॉप, iPad, DVR
ATM कार्ड, चेक बुक, नोट गिनने की मशीन
दस्तावेज, लेन-देन रजिस्टर
5 तलवारें, 1 रिवॉल्वर, 1 पिस्टल और जिंदा कारतूस
जबरन वसूली और अवैध रजिस्ट्री का खुलासा
पुलिस जांच में सामने आया है कि रोहित तोमर, वीरेन्द्र तोमर और दिव्यांश तोमर अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर आम लोगों को ब्याज पर पैसा देते थे और उसके बदले कोरे चेक, स्टाम्प पेपर पर हस्ताक्षर करवाकर उन्हें धमकाकर वसूली करते थे। शिकायतकर्ताओं ने बताया कि उधारी के बदले में जबरन जमीन की रजिस्ट्री भी कराई गई।
पीड़ित जयदीप बेनर्जी, मनीष साहू और नासिर बख्श ने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने जेल भेजने की धमकी, डरा-धमकाकर ब्याज वसूली और ज़मीन कब्जे की गतिविधियाँ की हैं।
दर्ज किए गए नए अपराध
इस मामले में थाना पुरानी बस्ती में नया अपराध क्रमांक 230/25 दर्ज हुआ है, जिसमें भा.दं.सं. की धारा 308(2), 111(1) और छत्तीसगढ़ ऋणीय संरक्षण अधिनियम की धाराएं लगाई गई हैं। साथ ही आरोपी वीरेन्द्र सिंह तोमर के खिलाफ अलग से आर्म्स एक्ट के तहत अपराध क्रमांक 229/25 दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी:
👉 दिव्यांश तोमर, पिता अनिल तोमर, उम्र 25 वर्ष, निवासी सांई विला, भाठागांव, रायपुर को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
🔍 पुलिस द्वारा मामले की विवेचना जारी है और फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए दबिश दी जा रही है।

