91 करोड़ के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निरीक्षण, गुणवत्ता व समय-सीमा पर जोर

रायगढ़, 19 जून। उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव ने पुसौर विकासखंड के लोहरसिंग में निर्माणाधीन इंटिग्रेटेड स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निरीक्षण किया। 91 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से 34 एकड़ में बन रहे इस परिसर में फुटबॉल, हॉकी, एथलेटिक्स, स्विमिंग, तीरंदाजी सहित 18 खेलों की सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। उन्होंने निर्माण कार्यों में तेजी लाते हुए निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। साव ने कहा कि यह आधुनिक खेल परिसर रायगढ़ को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनाएगा।