रायपुर, 5 नवम्बर। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के रजत महोत्सव पर नवा रायपुर के सेंध जलाशय के ऊपर भारतीय वायु सेना की “सूर्यकिरण” टीम ने रोमांचक एयर शो प्रस्तुत किया। उप राष्ट्रपति श्री सी.पी. राधाकृष्णन, राज्यपाल श्री रमेन डेका, मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने हजारों दर्शकों के साथ अद्भुत नजारा देखा।
नौ हॉक मार्क-132 विमानों ने हार्ट, डायमंड, लूप और तिरंगे की ट्रेल बनाकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। शो के दौरान छत्तीसगढ़ के स्क्वाड्रन लीडर गौरव पटेल ने आसमान से ‘जय जोहार’ और ‘छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया’ कहकर प्रदेशवासियों का अभिवादन किया।
ग्रुप कैप्टन अजय दशरथी के नेतृत्व में टीम ने अनुशासन, सटीकता और देशभक्ति की झलक पेश की। विंग कमांडर ए.व्ही. सिंह के नेतृत्व में गरुड़ कमांडोज ने हेलीकॉप्टर से स्काई-ऑपरेशन और रस्सी के सहारे उतरने जैसे करतब दिखाए।
एक घंटे चले एयर शो में वायु सेना के जाबांजों ने साहस और कौशल का ऐसा प्रदर्शन किया कि सेंध जलाशय तालियों और जय-हिंद के नारों से गूंज उठा।
‘सूर्यकिरण’ टीम एशिया की एकमात्र नौ-विमान एरोबैटिक टीम है, जिसने अब तक देश-विदेश में 700 से अधिक प्रदर्शन कर भारत का गौरव बढ़ाया है।

