वैवाहिक समारोह में नकदी व गिफ्ट चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

रायपुर। गुढ़ियारी थाना क्षेत्र के ओशो भवन मैरिज गार्डन में विवाह समारोह के दौरान पर्स में रखे नकदी, मोबाइल व गिफ्ट की चोरी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा गुढ़ियारी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी नवीन मानिकपुरी उर्फ लल्ला मानिकपुरी (19) और किशन साहू (21) को पकड़ा गया। दोनों के पास से चांदी की मूर्ति, बिछिया, ₹14,600 नकद, मोबाइल फोन और पर्स समेत करीब ₹60 हजार का माल जब्त किया गया।
नवीन मानिकपुरी पूर्व में भी चोरी के मामलों में जेल जा चुका है। प्रकरण में अपराध क्रमांक 477/25 धारा 305(ए), 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है।
कार्यवाही में थाना प्रभारी बी.एल. चंद्राकर, निरीक्षक परेश पांडेय, उपनिरीक्षक सतीश पुरिया सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।