रायपुर: रास्ता भटके बुजुर्ग को डायल 112 टीम ने परिवार से मिलाया

रायपुर,।थाना माना कैंप की डायल 112 टीम को सूचना मिली कि एक बुजुर्ग व्यक्ति (उम्र लगभग 75 वर्ष) रास्ता भटककर ग्राम नकटी पहुंच गया है। पूछताछ पर बुजुर्ग ने अपना नाम सारंगा कुर्मी, निवासी ग्राम पेण्ड्री, जिला जांजगीर बताया।

डायल 112 टीम ने उन्हें थाना लाकर सुरक्षित रखा। थाना प्रभारी श्री यामन कुमार देवांगन के निर्देश पर गुम इंसान की जांच की गई, परंतु सरनेम से कोई मेल नहीं मिला। इसके बाद सीसीटीएनएस डेटा बैंक से ग्राम पेण्ड्री की जांच की गई, जिसमें नवागढ़ और पामगढ़ थाने की सीमा में आने की पुष्टि हुई।

थाना पामगढ़ के आरक्षक यशवंत पाटले की मदद से बुजुर्ग की पहचान सारंगा कुर्मी पिता श्यामलाल कुर्मी के रूप में हुई। उनके पुत्र बुरथुराम से संपर्क करने पर पता चला कि वे अपने पिता की तलाश में रायपुर में हैं और थाना पंडरी में गुम इंसान दर्ज है।

थाना माना कैंप में आवश्यक कार्रवाई के बाद बुजुर्ग को सुपुर्दनामे के माध्यम से उनके पुत्र के साथ थाना पंडरी रवाना किया गया।

इस सफल प्रयास में थाना प्रभारी श्री यामन कुमार देवांगन, सीसीटीएनएस ऑपरेटर सुरेंद्र निषाद (माना कैंप) और आरक्षक यशवंत पाटले (पामगढ़ थाना) की महत्वपूर्ण भूमिका रही।