रायपुर, 27 जून 2025 – छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ भाजपा नेता एवं रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने महाप्रभु श्री जगन्नाथ जी की रथयात्रा महोत्सव के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने इस पावन पर्व को आस्था, भक्ति और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक बताते हुए कहा कि यह उत्सव सभी को सेवा, त्याग और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
अग्रवाल शुक्रवार को राजधानी रायपुर के अवंति विहार स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर में आयोजित भव्य रथयात्रा महोत्सव में अपने परिवार सहित शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने राज्यपाल रमेन डेका एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ भगवान श्री जगन्नाथ, भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा की विधिवत पूजा-अर्चना की और छत्तीसगढ़ राज्य की सुख-शांति, समृद्धि और सामाजिक सौहार्द की कामना की।
सांसद अग्रवाल ने भगवान श्री जगन्नाथ के रथ की रस्सी खींचकर आशीर्वाद प्राप्त किया और श्रद्धालुओं के साथ इस दिव्य आयोजन में सहभागिता की। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में रथयात्रा का आयोजन लगातार भव्यता और श्रद्धा के साथ किया जा रहा है, जो हमारी समृद्ध धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को दर्शाता है।
उन्होंने कहा, “भगवान श्री जगन्नाथ जी की कृपा से प्रदेश में विकास, भाईचारा और समरसता का वातावरण बना रहे, यही मेरी प्रार्थना है। यह आयोजन समाज को एकजुट करने वाली आध्यात्मिक शक्ति का परिचायक है।”
रथयात्रा में भारी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे, जिन्होंने जयकारों और भजन-कीर्तन के साथ पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। पूरा कार्यक्रम उत्साह, श्रद्धा और सामाजिक सौहार्द का संदेश देता दिखाई दिया।

