रायपुर/नई दिल्ली।रायपुर सांसद और भाजपा के वरिष्ठ नेता बृजमोहन अग्रवाल ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में रॉबर्ट वाड्रा की ईडी में पेशी को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि “जैसी करनी वैसी भरनी”, यह कहावत कांग्रेस और उसके नेताओं पर बिल्कुल सटीक बैठती है।
श्री अग्रवाल ने कांग्रेस को देश की सबसे भ्रष्ट पार्टी बताया और कहा कि इसके नेता ही नहीं, रिश्तेदार भी घोटालों में शामिल रहे हैं। वाड्रा का मामला इसका उदाहरण है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने राजनीति को सिर्फ सत्ता और लूट का जरिया बना लिया था।
भाजपा नेता ने कहा कि जब कानून अपना काम करता है तो कांग्रेस उसे राजनीतिक बदला बता देती है, जबकि सच्चाई यह है कि देश की संपत्ति लूटने वालों पर कानून का शिकंजा कस रहा है।
उन्होंने दो टूक कहा कि भाजपा सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर काम कर रही है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।

