अनुशासन, टीम भावना और प्रतिबद्धता से ही होगी बेहतर पुलिसिंग : आईजी अमरेश मिश्रा

रायपुर। रायपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अमरेश कुमार मिश्रा ने पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों से संवाद कर बेहतर पुलिसिंग के गुर बताए। अटल बिहारी वाजपेयी सभागार, मेकाहारा में हुए इस दो दिवसीय मार्गदर्शन सत्र में कुल 2316 पुलिसकर्मी शामिल हुए।

आईजी मिश्रा ने कहा कि अनुशासन, सकारात्मक सोच, टीम भावना और पेशेवर प्रतिबद्धता से पुलिस बल को और मजबूत बनाया जा सकता है। अपराधों पर तत्काल कार्रवाई, जनता के साथ संवाद और हर स्तर पर बेहतर समन्वय से पुलिसिंग को प्रभावशाली बनाया जा सकता है।

उन्होंने थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि विवेचकों से रोज केस की प्रगति पर चर्चा करें। नशे पर रोक, ट्रैफिक नियमों का पालन और हेलमेट अनिवार्यता को भी सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए गए।

कार्यक्रम के समापन पर एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने इसे प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि आगामी उत्सवों में इसका सकारात्मक असर पुलिसिंग में दिखेगा।