एमडीएमए ड्रग्स के साथ अंतर्राज्यीय गिरोह के तीन तस्कर गिरफ्तार

रायपुर। रायपुर पुलिस और एंटी क्राइम-साइबर यूनिट की संयुक्त कार्रवाई में एमडीएमए ड्रग्स के साथ तीन तस्करों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया गया। देवेन्द्र नगर ओवरब्रिज के नीचे कार में सवार आरोपियों से 27.58 ग्राम ड्रग्स, सोनेट कार, ₹85,300 नकद, तौल मशीन और 5 मोबाइल फोन जब्त किए गए। कुल बरामदगी की कीमत करीब 20 लाख रुपये आंकी गई है।

मुख्य आरोपी मोनू विश्नोई हरियाणा के हिसार का रहने वाला है, जो दिल्ली से ड्रग्स लाकर रायपुर के स्थानीय आरोपियों हर्ष आहूजा और दीप धनोरिया को सप्लाई करता था।

थाना गंज में NDPS एक्ट की धारा 21(सी), 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरोह की फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक खंगालने के लिए जांच जारी है।

इस कार्रवाई में गंज थाना, सिविल लाइन थाना और साइबर यूनिट की टीमों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।