रायपुर, 13 जुलाई। भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा पर राहुल गांधी की टिप्पणी को झूठ और अपराध करार देते हुए तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को भगवान का अपमान करने का श्राप लगेगा और उनका राजनीतिक पतन तय है।
भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में मिश्रा ने कहा कि रथयात्रा को लेकर राहुल गांधी ने जो दावा किया, वह सरासर झूठ है। भगवान जगन्नाथ की इच्छा के बिना रथ नहीं खिंचता, फिर किसी विशेष व्यक्ति के लिए रास्ता खाली कराने का सवाल ही नहीं उठता।
मिश्रा ने राहुल को सनातन विरोधी बताते हुए कहा कि कांग्रेस बार-बार आस्था पर हमला कर रही है। उन्होंने कहा कि ईसा मसीह से लेकर गुरु नानक, स्वामीनारायण तक ने जगन्नाथ दर्शन किए हैं। आज भी विश्व के 28 देशों में जगन्नाथ मंदिर और रथयात्रा होती है।
उन्होंने राहुल को मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ पुरी आकर सच्चाई देखने की चुनौती दी। प्रेस वार्ता में भाजपा के अमित चिमनानी, रमेश ठाकुर, देवलाल ठाकुर और निशिकांत पांडे मौजूद रहे।

