रायपुर, 14 जुलाई – छत्तीसगढ़ सरकार ने आदिवासी महिला किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए छह जिलों में दुधारू पशु प्रदाय योजना का पायलट प्रोजेक्ट शुरू किया है। कांकेर के पखांजूर स्थित बड़गांव में आयोजित कार्यक्रम में 75 महिला किसानों को साहीवाल नस्ल की दो-दो गायें दी गईं।
योजना के तहत 50% अनुदान, 40% रियायती ऋण और 10% लाभार्थी अंशदान का प्रावधान है। गायों का बीमा, चारा, आहार, पशु स्वास्थ्य निगरानी व एक साल तक मुफ्त सेवाएं दी जाएंगी। योजना का संचालन एनडीडीबी डेयरी सर्विसेस के सहयोग से छत्तीसगढ़ दुग्ध महासंघ कर रहा है।
सांसद भोजराज नाग और विधायक विक्रम उसेंडी ने कार्यक्रम में भाग लेकर महिलाओं को शुभकामनाएं दीं।

