रायपुर, 25 अक्टूबर। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बस्तर प्रवास के दौरान नारायणपुर जिले के सुदूर कच्चापाल गांव का दौरा किया। उन्होंने सीआरपीएफ कैम्प पहुंचकर जवानों से मुलाकात की और नक्सल प्रभावित क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट कार्यों की सराहना की।
इसके बाद श्री शर्मा ने जनचौपाल लगाकर ग्रामीणों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि सुरक्षा कैंप खुलने से क्षेत्र में सुख, शांति और विकास लौटा है। अब सड़क, बिजली, पेयजल जैसी सुविधाएं गांव तक पहुंच रही हैं। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि जो युवा हिंसा का रास्ता छोड़ना चाहते हैं, उन्हें पुनर्वास नीति का लाभ दिलाएं।
श्री शर्मा ने प्रधानमंत्री आवास निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया और हितग्राहियों से योजनाओं की जानकारी ली। उन्होंने ग्रामीणों को आयुष्मान कार्ड भी वितरित किए।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम, एडीजी विवेकानंद सिन्हा, कमिश्नर डोमन सिंह, आईजी सुंदरराज पी, कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं, जनप्रतिनिधि व ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

