रायपुर। खमतराई थाना पुलिस ने वाहन और मोबाइल चोरी के मामले में आरोपी सुमीत निषाद (20 वर्ष), निवासी आजाद नगर रावांभाठा को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 2 मोटरसाइकिल, 1 एक्टिवा और 16 एंड्रॉइड मोबाइल बरामद किए गए हैं, जिनकी कुल कीमत करीब ₹2.15 लाख आंकी गई है।
29 जून को सड्डू निवासी बलराम दास वैष्णव की बाइक शराब दुकान के बाहर से चोरी हो गई थी। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि रावांभाठा स्थित पेट्रोल पंप के पास एक युवक बाइक और मोबाइल बेचने ग्राहक तलाश रहा है। घेराबंदी कर उसे पकड़ा गया।
पूछताछ में सुमीत ने भनपुरी, फाफाडीह और रावांभाठा से वाहन चोरी करना स्वीकारा। साथ ही बताया कि नवरात्रि के दौरान बंजारी मंदिर में भीड़ का फायदा उठाकर श्रद्धालुओं के 16 मोबाइल भी चुरा लिए थे। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

