यूपीएससी में सफल वैभवी अग्रवाल का ऑक्सीजोन में सम्मान

रायपुर। यूपीएससी परीक्षा 2025 में सफलता प्राप्त करने वाली रायपुर निवासी सुश्री वैभवी अग्रवाल का ऑक्सीजोन उद्यान परिसर में सम्मान किया गया। कार्यक्रम में रायपुर महापौर मीनल चौबे, रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा तथा रायपुर लोकसभा सांसद प्रतिनिधि विजय अग्रवाल उपस्थित रहे।
इस अवसर पर रायपुर वेलफेयर फाउंडेशन सोसायटी द्वारा आयोजित कार्यक्रम में अतिथियों ने वैभवी अग्रवाल को सम्मानित कर उनकी उपलब्धि की सराहना की। महापौर मीनल चौबे ने कहा कि वैभवी की सफलता न केवल उनके परिवार बल्कि रायपुर और पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि उनकी यह उपलब्धि प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी और उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करेगी।
सोसायटी के अध्यक्ष रमेश कुमार अग्रवाल और सचिव के.के. अग्रवाल ने बताया कि संस्था द्वारा पिछले चार वर्षों से ऑक्सीजोन उद्यान परिसर स्थित श्री हनुमान मंदिर में प्रत्येक मंगलवार और शनिवार को सुबह सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया जा रहा है। अतिथियों ने इस धार्मिक और सामाजिक आयोजन की सराहना की।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने वैभवी अग्रवाल के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें बधाई दी।