श्रमिक सम्मेलन में 9556 श्रमिकों को 10.42 करोड़ की सहायता

भिलाई। महात्मा गांधी कला मंदिर सिविक सेंटर भिलाई में मंगलवार को श्रम विभाग द्वारा श्रमिक सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
सम्मेलन के दौरान छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल की विभिन्न योजनाओं के तहत 9 हजार 556 श्रमिकों के खातों में डीबीटी के माध्यम से 10 करोड़ 42 लाख 7 हजार 343 रुपये की सहायता राशि अंतरित की गई। मंत्री यादव ने हितग्राहियों को प्रतीकात्मक चेक भी प्रदान किए।
इस अवसर पर मंत्री यादव ने कहा कि राज्य सरकार श्रमिकों के कल्याण के लिए लगातार योजनाएं चला रही है। विभिन्न योजनाओं के माध्यम से श्रमिक परिवारों को आर्थिक सहायता दी जा रही है, जिससे उनके जीवन स्तर में सुधार आ रहा है। उन्होंने श्रमिकों से श्रम विभाग में पंजीयन कराकर योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की।
कार्यक्रम में मिनीमाता महतारी जतन योजना, मुख्यमंत्री निर्माण मजदूर सुरक्षा उपकरण सहायता योजना, मुख्यमंत्री नोनी-बाबू मेधावी शिक्षा सहायता योजना, नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना सहित कई योजनाओं के हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया।
इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष सरस्वती बंजारे सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रमिक उपस्थित रहे।