घटिया सामग्री पर कड़ी कार्रवाई, 6 सप्लायर ब्लैकलिस्ट

रायपुर। आंगनबाड़ियों में खराब गुणवत्ता की सामग्रियों की आपूर्ति पर महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के निर्देश पर बड़ी कार्रवाई हुई है। राज्य स्तरीय जांच समिति की रिपोर्ट के आधार पर छह सप्लायर—नमो इंटरप्राइजेस, आयुष मेटल, अर्बन सप्लायर्स, मनीधारी सेल्स, ओरिएंटल सेल्स और सोनचिरैया कॉर्पाेरेशन—को जेम पोर्टल से ब्लैकलिस्ट किया गया है।

समिति ने रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, जशपुर, सरगुजा व जांजगीर-चांपा में सामग्रियों की जांच की। खराब पाए गए टेबल, ट्रे, तवा और अनाज कोठी की सप्लाई बदलवाई गई। विभाग ने स्पष्ट किया है कि घटिया सामान पर किसी एजेंसी को भुगतान नहीं हुआ। सभी सामग्रियां गुणवत्ता जांच के बाद ही स्वीकार की गईं।

मंत्री राजवाड़े ने कहा, “बच्चों व महिलाओं की सेवा में गुणवत्ता से समझौता नहीं होगा।” मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत यह सख्त कार्रवाई की गई है।