राजनांदगांव।जिले के डोंगरगांव नगर के वार्ड नंबर 8 स्थित करिया टोला में दिन-रात खुलेआम रेत का अवैध खनन जारी है। रेत माफिया इतने बेखौफ हैं कि तीसरी बार भी अफसरों को मौके से खाली हाथ लौटना पड़ा। लाखों की रेत खुलेआम खनन कर ऊंचे दामों पर नगर में ही बेची जा रही है। इससे शासन को रोजाना बड़े पैमाने पर राजस्व की चपत लग रही है।
स्थानीय सूत्रों की मानें तो इस खेल में कई रसूखदार नेता और ठेकेदार भी हिस्सेदार हैं। बार-बार उठ रही शिकायतों और मीडिया रिपोर्ट्स के बावजूद अब तक ठोस कार्रवाई न होना, प्रशासन की मंशा पर भी सवाल खड़े कर रहा है।
करिया टोला घाट बना अधिकारियों के लिए चुनौती
पिछले दो महीनों में करिया टोला घाट से लाखों ट्रिप रेत का खनन किया जा चुका है। एसडीएम और तहसीलदार कई बार मौके पर पहुंचे, लेकिन हर बार रेत माफिया उन्हें चकमा देकर भागने में कामयाब हो गए। शनिवार को फिर से आरआई भारत सिवाना और पटवारी नीरज द्विवेदी के साथ टीम पहुंची, जहां दो ट्रैक्टर जब्त किए गए। परंतु पुलिस सहायता के अभाव में कार्रवाई अधूरी रह गई। ट्रैक्टर चालक दूसरी चाबी लाकर वाहन भगा ले गए।
पुलिस के इंतजार में खड़ी रही टीम, माफिया मौके से फरार
मौके पर पुलिस की मदद नहीं मिलने से प्रशासनिक अमले की कार्यवाही एक बार फिर बेअसर साबित हुई। अधिकारी घंटों इंतजार करते रह गए लेकिन पुलिस का अता-पता नहीं था। इस दौरान जब्त वाहन भी मौके से फरार हो गए। इससे स्थानीय प्रशासन की गंभीरता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
रेत का डंप कर हाइवा से हो रहा परिवहन
नदी से रेत निकालकर पहले उसे अलग-अलग जगहों पर डंप किया जा रहा है। फिर जेसीबी की मदद से हाइवा ट्रकों में लोड कर ऊंचे दामों पर बेचा जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक यह पूरा खेल सुनियोजित तरीके से हो रहा है।
SDM श्रीकांत कोराम बोले — “कार्यवाही जारी है”
अनुविभागीय अधिकारी श्रीकांत कोराम ने कहा कि मामले की जानकारी मिलते ही कार्रवाई की गई है और आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
थर्ड आई 1एक सात न्यूज़ की विशेष रिपोर्ट
डोंगरगांव से विशेष संवाददाता के साथ।

