धारदार चाकू लेकर लोगों को डराने वाला युवक गिरफ्तार, पंडरी पुलिस की त्वरित कार्रवाई

रायपुर, – राजधानी रायपुर के पंडरी थाना क्षेत्र में शनिवार को पुलिस ने एक युवक को धारदार चाकू के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी सार्वजनिक स्थान पर चाकू लहराते हुए लोगों को डराने और धमकाने की कोशिश कर रहा था।

पंडरी थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि लोधीपारा स्थित साईं मंदिर के पास एक युवक हाथ में चाकू लेकर राहगीरों को आतंकित कर रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर आरोपी को काबू में लिया।

गिरफ्तार युवक की पहचान कोमल निर्मलकर (उम्र 18 वर्ष), पिता महेश निर्मलकर, निवासी साईं मंदिर के पास, लोधीपारा, थाना पंडरी, रायपुर के रूप में हुई है। आरोपी के कब्जे से एक धारदार चाकू जब्त किया गया है।

पुलिस ने मामले में आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत अपराध क्रमांक 170/2025 दर्ज कर लिया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पंडरी थाना पुलिस द्वारा की गई इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति इस तरह की गतिविधियों में लिप्त नजर आए, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।