रायपुर ट्रैफिक में तकनीकी नवाचार की नई शुरुआत – EV 3 व्हीलर पेट्रोलिंग वाहन लॉन्च

रायपुर, 25 जून 2025 –
शहर की यातायात व्यवस्था को और अधिक सुगम और सुरक्षित बनाने की दिशा में एक नई पहल के तहत रायपुर पुलिस ने आज EV 3 व्हीलर ट्रैफिक पेट्रोलिंग वाहन को हरी झंडी दिखाई। कलेक्टर गौरव कुमार और एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कलेक्टोरेट परिसर से इसे रवाना किया।

यह ई-रिक्शा जी.के. इलेक्ट्रिक ग्रुप के सहयोग से तैयार किया गया है, जिसमें यातायात नियमों से संबंधित स्लोगन और पी.ए. सिस्टम लगाया गया है, जो आम जनता को नियमों के प्रति जागरूक करेगा। अब यह वाहन गलियों से लेकर चौक-चौराहों तक नियमों का प्रचार-प्रसार करेगा और साथ ही नियम उल्लंघन पर कार्यवाही भी करेगा।

कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर गौरव कुमार ने खुद ई-रिक्शा चलाकर लोगों से नियम पालन की अपील की। एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि छोटी-छोटी सावधानियों से हम सड़क हादसों से बच सकते हैं।

इस अवसर पर एएसपी ट्रैफिक डॉ. प्रशांत शुक्ला, डीएसपी सतीश ठाकुर, थाना प्रभारी विशाल कुजूर सहित जी.के. इलेक्ट्रिक के डायरेक्टर पुनीत परवानी और अमर परवानी भी उपस्थित रहे।

यह पहल न केवल ट्रैफिक नियमों के प्रचार में मदद करेगी, बल्कि रायपुर को एक सुरक्षित और जिम्मेदार शहर के रूप में भी स्थापित करेगी।