जवानों के शौर्य ने लिखा बस्तर का नया इतिहास: विजय शर्मा

रायपुर, 15 अगस्त। 80वें स्वतंत्रता दिवस पर उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने जगदलपुर की अमर वाटिका में शहीदों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने वीरता पदक से सम्मानित सुरक्षा बलों के जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि जवानों के शौर्य और बलिदान ने बस्तर का नया इतिहास लिखा है।

शर्मा ने कहा कि राज्य गठन के बाद छत्तीसगढ़ पुलिस के 141 जवानों को गैलेंट्री अवार्ड मिलना उनके साहस और कर्तव्यनिष्ठा का प्रमाण है। इस वर्ष बस्तर के 93 नए स्थानों पर तिरंगा फहराया गया। उन्होंने कहा कि सुरक्षा बलों की सफलता से बस्तर में संविधान, लोकतंत्र और विकास की नई राह मजबूत हुई है।

उन्होंने बताया कि सरकार बस्तर के बच्चों को आधुनिक शिक्षा और तकनीक से जोड़ने के साथ जल, जंगल और संस्कृति के संरक्षण पर भी काम कर रही है। इस अवसर पर महापौर संजय पांडेय, आईजी बद्री नारायण मीणा, कलेक्टर आकाश छिकारा, एसपी शलभ सिन्हा सहित जनप्रतिनिधि और सुरक्षा बलों के अधिकारी-जवान मौजूद रहे।