डी.डी. हॉस्पिटल को नोटिस, जांच में मिलीं गंभीर अनियमितताएं

रायपुर। पेंड्रा रोड स्थित डी.डी. हॉस्पिटल में स्वास्थ्य सेवाओं में गंभीर अनियमितताएं मिलने पर स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल प्रबंधन को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। जिला प्रशासन के निर्देश पर हुई जांच में मरीजों की सुरक्षा और उपचार संबंधी कई खामियां सामने आईं।

जांच में पाया गया कि गंभीर बीमारी से पीड़ित मरीज का उपचार उच्च स्तरीय चिकित्सा संस्थान में भेजने के बजाय अस्पताल में ही किया गया। वहीं 17 और 18 जून को अस्पताल में मरीजों की देखरेख के लिए चिकित्सक और पर्याप्त प्रशिक्षित स्टाफ उपलब्ध नहीं था। सर्जरी के बाद भर्ती मरीजों के बावजूद ऑन ड्यूटी डॉक्टर की अनुपस्थिति भी पाई गई।

स्वास्थ्य विभाग ने आयुष्मान भारत योजना के तहत उपचार पाने वाले मरीजों से अतिरिक्त राशि वसूले जाने की शिकायत की भी जांच शुरू कर दी है। अस्पताल प्रबंधन को तीन दिनों के भीतर स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए गए हैं। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।