रायपुर। सीआरपीएफ के पूर्व जवान और पैरा तीरंदाज तोमन कुमार ने राष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया है। पंजाब के पटियाला में आयोजित 7वीं एनटीपीसी पैरा राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में उन्होंने व्यक्तिगत स्पर्धा में रजत और टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर दोहरी सफलता हासिल की।
बालोद जिले के रहने वाले तोमन कुमार नक्सल ऑपरेशन के दौरान आईईडी ब्लास्ट में पैर गंवाने के बाद भी नहीं टूटे। उन्होंने खेल को अपना संबल बनाया और पिछले दो वर्षों से बिलासपुर आर्चरी एकेडमी में नियमित प्रशिक्षण लेकर यह मुकाम हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि से प्रदेश में खेल प्रेमियों में खुशी और गर्व का माहौल है।

