रायपुर। ग्राम छतोद खार में खेत की मेढ़ पर करंट युक्त बिजली तार लगाने से किसान ओमप्रकाश वर्मा की मौत के मामले में तिल्दा नेवरा पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने जीव-जंतुओं को मारने के इरादे से खेत में खुले तार लगाए थे, जिसकी चपेट में आकर किसान की जान चली गई।
पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की थी। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर तिल्दा नेवरा पुलिस ने मुखबिरों की सूचना व पूछताछ के आधार पर ग्राम गौरखेड़ा के विश्राम धीवर, चिन्ताराम यादव, धरम सिंह यादव और खरोरा के बलकरण वर्मा को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने जुर्म कबूल कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करंट लगाने में इस्तेमाल किया गया जीआई तार, वायर और मोटरसाइकिल जब्त की है। कार्रवाई थाना प्रभारी रमाकांत तिवारी के निर्देशन में पुलिस टीम द्वारा की गई।

