जगदलपुर में अवैध गैस रिफिलिंग पर कार्रवाई, 34 सिलेंडर जब्त

रायपुर। जगदलपुर में एलपीजी गैस की कालाबाजारी के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 34 सिलेंडर जब्त किए हैं।
कलेक्टर आकाश छिकारा के निर्देश पर खाद्य विभाग की टीम ने दीनदयाल उपाध्याय वार्ड में छापेमारी की। खाद्य नियंत्रक घनश्याम राठौर के अनुसार राउतपारा स्थित बालाजी केयर हॉस्पिटल के पास प्रशांत महाजन के घर में अवैध रूप से गैस सिलेंडर भंडारण की सूचना मिली थी।
दबिश के दौरान घर से 24 घरेलू और 10 कमर्शियल गैस सिलेंडर बरामद किए गए। साथ ही गैस चोरी और अवैध रिफिलिंग में इस्तेमाल होने वाले तीन रिफिलिंग पाइप भी जब्त किए गए।
खाद्य विभाग ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय हालात के बीच गैस की सीमित आपूर्ति का फायदा उठाकर कुछ लोग ऊंचे दाम पर गैस बेचने की कोशिश कर रहे हैं। इसे रोकने के लिए प्रशासन सख्ती से कार्रवाई कर रहा है।
कार्रवाई में खाद्य निरीक्षक शेख अब्दुल कादिर, उमेश चौधरी, हेमंत ब्रह्मभट्ट और पायल वर्मा शामिल रहे। जब्त सामग्री को कब्जे में लेकर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी गई है।