रायपुर,| स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने डिमरापाल स्थित सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल और महारानी अस्पताल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि बस्तर के लोगों को बड़े शहरों जैसी विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा जल्द ही यहीं उपलब्ध होगी। अस्पताल संचालन हेतु एमओयू भी किया जा चुका है।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने आईसीयू, एसएनसीयू, औषधि कक्ष, रसोईघर और विभिन्न वार्डों का जायजा लिया। उन्होंने मिलेट्स व महुआ लड्डू चखकर मरीजों के आहार की गुणवत्ता परखी। आभा ऐप से मरीजों का पंजीयन और इलाज का ऑनलाइन रिकॉर्ड रखने की सराहना की गई।
मंत्री ने महारानी अस्पताल को 300 शैयाओं के साथ अपग्रेड करने और जगदलपुर मेडिकल कॉलेज में सीटें बढ़ाने हेतु प्रस्ताव जल्द तैयार करने के निर्देश दिए। निरीक्षण में वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

