रायपुर, 3 अगस्त 2025श्रावण मास के पावन अवसर पर रायपुर में निकली भव्य कावड़ यात्रा 2025 में शिवभक्ति, संस्कृति और जनआस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। विधायक राजेश मूणत के नेतृत्व में निकली इस ऐतिहासिक यात्रा में हजारों कांवड़ियों ने भाग लिया। यात्रा की शुरुआत गुढ़ियारी हनुमान मंदिर से पूजन-अभिषेक के साथ हुई, जहां महामंडलेश्वर श्री कान्हा जी महाराज ने पार्थिव शिवलिंग का जलाभिषेक किया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, सांसद बृजमोहन अग्रवाल सहित कई मंत्री-विधायकों ने भी कांवड़ उठाकर यात्रा में सहभागिता दी। कांवड़ यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई हटकेश्वर नाथ मंदिर पहुंची, जहां शिवभक्तों ने जल चढ़ाकर पुण्य अर्जित किया।
देशभर से आए कलाकारों की झांकियां और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां—दिल्ली की अघोरी झांकी, केरल का कथककली, उज्जैन के डमरु दल, छत्तीसगढ़ के पंथी और राउत नाचा—आकर्षण का केंद्र रहीं। यात्रा मार्ग पर 101 स्वागत मंचों से पुष्पवर्षा, भंडारे और आतिशबाजी ने माहौल को भक्तिमय बना दिया।
पूरे आयोजन में सुरक्षा, सफाई और यातायात की चाक-चौबंद व्यवस्था रही। भाजपा के वरिष्ठ नेताओं, संतों और सामाजिक संस्थाओं की उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई। विधायक मूणत ने सहयोग के लिए सभी का आभार जताते हुए इसे “सम्पूर्ण सनातन समाज का उत्सव” बताया।
यह कावड़ यात्रा सिर्फ धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक बन गई।

