ऑपरेशन साइबर शील्ड : देशभर में करोड़ों की ठगी करने वाले यूपी के 5 शातिर गिरफ्तार

रायपुर। थाना विधानसभा क्षेत्र की सोनिया हंसपाल से 2.83 करोड़ की साइबर ठगी मामले में रायपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। ऑपरेशन साइबर शील्ड के तहत रायपुर रेंज साइबर थाना, एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना विधानसभा की संयुक्त टीम ने उत्तर प्रदेश के गोरखपुर व लखनऊ से 5 अंतर्राज्यीय ठगों को गिरफ्तार किया है।

आरोपी खुद को दिल्ली पुलिस का अफसर बताकर महिला को वीडियो कॉल पर “डिजिटल अरेस्ट” कर डराते हुए ठगी करते थे। आरोपियों ने देशभर में अलग-अलग तरीकों से ठगी कर करीब 40 फर्जी कंपनियां बनाईं। इनमें से कई कंपनियों के जरिए रकम को इधर-उधर किया जाता था।

गिरफ्तार आरोपियों में आकाश साहू, शेर बहादुर सिंह उर्फ मोनू (गोरखपुर), अनूप मिश्रा, नवीन मिश्रा (लखनऊ) और आनंद कुमार सिंह (देवरिया) शामिल हैं। आनंद सिंह देवरिया में PNB ग्राहक सेवा केंद्र भी चलाता था।

आरोपियों के पास से मोबाइल, सिम, बैंक दस्तावेज बरामद किए गए हैं। 43 लाख रुपये की ठगी राशि को होल्ड कराया गया है। मामले में अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। वरिष्ठ अफसरों के निर्देशन में जांच जारी है।