छत्तीसगढ़ में विकास की असीम संभावनाएं : CM विष्णु देव साय

रायपुर, 19 जुलाई 2025 — मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शनिवार को ‘छत्तीसगढ़ वॉच’ के 15वें स्थापना दिवस समारोह में शिरकत की। उन्होंने अखबार की जनसरोकार से जुड़ी पत्रकारिता की सराहना करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में खनिज, वन संपदा और मानव संसाधन की अपार संभावनाएं हैं।

CM साय ने कहा कि बस्तर अंचल में नक्सलवाद पर कड़ा प्रहार हुआ है और अब क्षेत्र विकास की ओर अग्रसर है। उन्होंने बताया कि ‘नियद नेल्ला नार’ योजना के तहत 300 गांवों तक योजनाएं पहुँच रही हैं। बस्तर ओलंपिक और पण्डुम जैसे आयोजनों से भी सकारात्मक बदलाव आ रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि नई उद्योग नीति के तहत 6.5 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। स्थानीय युवाओं, महिलाओं, दिव्यांगों और पिछड़े वर्ग को प्राथमिकता दी जा रही है। टेक्सटाइल सहित कई क्षेत्रों में निवेश की संभावनाएं खुली हैं।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि रोजगार सृजन में उद्योग अहम भूमिका निभा रहे हैं और सरकार निवेशकों से लगातार संवाद कर रही है। CSIDC अध्यक्ष राजीव अग्रवाल ने कहा कि औद्योगिक नीति को देशभर में सराहना मिल रही है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 12 व्यक्तियों को सम्मानित किया और सभी को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। समारोह में कई जनप्रतिनिधि, पत्रकार और नागरिक उपस्थित रहे।