रायपुर। स्वच्छ सर्वेक्षण-2024 में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले छत्तीसगढ़ के सात नगरीय निकायों को 17 जुलाई को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में सम्मानित किया जाएगा। राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु पुरस्कार प्रदान करेंगी।
राज्य के उप मुख्यमंत्री व नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव, विभागीय अधिकारियों और नगरीय निकायों के प्रतिनिधियों के साथ समारोह में मौजूद रहेंगे।
बिलासपुर, कुम्हारी और बिल्हा को प्रेसीडेन्ट्स अवॉर्ड मिलेगा, जबकि रायपुर नगर निगम को मिनिस्टरियल अवॉर्ड से नवाजा जाएगा।
इस बार शुरू की गई सुपर स्वच्छता लीग (एसएसएल) की विशेष श्रेणी में भी छत्तीसगढ़ का परचम लहराया है। अंबिकापुर, पाटन और बिश्रामपुर नगर पंचायत को इस नई कैटेगरी में शामिल किया गया है।
यह सम्मान स्वच्छता के क्षेत्र में प्रदेश के निरंतर प्रयासों और जनभागीदारी का परिणाम है।

