व्यापारी से 2 लाख के बदले वसूले 30 लाख रुपये, धमकी देकर वसूली का आरोप
रायपुर।थाना पुरानी बस्ती में हिस्ट्रीशीटर रोहित तोमर और उसके साथियों दिव्यांश, आकाश, योगेश सिन्हा के खिलाफ एक और एफआईआर दर्ज हुई है। व्यापारी भोपाल मणि साहू ने आरोप लगाया कि 2 लाख रुपये के कर्ज के बदले आरोपियों ने 30 लाख 26 हजार रुपये जबरन वसूले।
प्रार्थी ने बताया कि 3% ब्याज दर पर उधार देने के नाम पर आरोपी ने कोरे स्टांप पर हस्ताक्षर करवा लिए। फिर आरोपीगण फोन और घर आकर गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी देने लगे। कई बार साईं विला, भाठागांव बुलाकर दबाव बनाया गया।
पुलिस ने आरोपियों पर धारा 384, 506, 34 भादवि व ऋणियों के संरक्षण अधिनियम की धारा 4 के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी दिव्यांश पहले से जेल में बंद है, बाकी की तलाश जारी है। अब तक दो थानों में 7 एफआईआर हो चुकी हैं।

