शमशान घाट के पास दो युवक प्रतिबंधित नशीली टेबलेट के साथ गिरफ्तार, पुलिस ने जब्त की 282 टेबलेट्स

रायपुर। शहर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रायपुर पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। तेलीबांधा थाना क्षेत्र के सिंधी शमशान घाट के पास दो युवकों को प्रतिबंधित नशीली टेबलेट्स के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से स्पासमो, अल्प्राजोलम और नाइट्रोटेन जैसी कुल 282 नशीली टेबलेट्स जब्त की हैं, जिनकी कीमत लगभग 10,000 रुपये बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को 19 मई को सूचना मिली थी कि दो युवक शमशान घाट के पास संदिग्ध हालत में नशीली दवाओं की बिक्री की फिराक में हैं। इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए एसीपी ग्रामीण कीर्तन राठौर, एसीपी क्राइम संदीप मित्तल, डीएसपी संजय सिंह व सीएसपी सिविल लाइन अजय कुमार के निर्देशन में संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को धर दबोचा।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम बरूण सेन्द्रे (24), निवासी बीएसयूपी कॉलोनी, थाना तेलीबांधा और प्रवीण केशरवानी (24), निवासी न्यू मंडी गेट पंडरीतराई, थाना मोवा बताए गए हैं। पूछताछ के दौरान आरोपी प्रतिबंधित दवाएं रखने और बिक्री के किसी वैध दस्तावेज को प्रस्तुत नहीं कर सके।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ तेलीबांधा थाना में नारकोटिक एक्ट की धारा 21(ख) के तहत अपराध क्रमांक 302/25 दर्ज कर कार्रवाई की है।

पुलिस टीम में शामिल अधिकारी और जवान
इस कार्रवाई में थाना तेलीबांधा के निरीक्षक नरेंद्र मिश्रा, एंटी क्राइम यूनिट के प्रभारी निरीक्षक परेश कुमार पांडेय सहित सउनि अतुलेश राय, प्र.आर. प्रमोद वर्थी, पुष्पराज सिंह, विक्रम वर्मा, राजेंद्र तिवारी, बोधेन मिश्रा, दिलीप जांगड़े, केशव सिन्हा और सउनि फत्तू लाल ठाकुर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

रायपुर पुलिस का कहना है कि नशे के खिलाफ यह अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा।