होली से पहले किसानों को बड़ा तोहफा: 3100 प्रति क्विंटल के अंतर की राशि मिलेगी एकमुश्त

रायपुर। राज्य सरकार ने समर्थन मूल्य पर धान बेचने वाले किसानों को होली से पहले बड़ी सौगात दी है। मंत्रिपरिषद के निर्णय अनुसार किसानों को ₹3100 प्रति क्विंटल की दर से अंतर की राशि एकमुश्त उनके खातों में जमा की जाएगी। करीब ₹10 हजार करोड़ की राशि 25 लाख से अधिक किसानों को सीधे हस्तांतरित होगी।
खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में 25 लाख 24 हजार 339 किसानों से 141.04 लाख मीट्रिक टन धान खरीदा गया है। सरकार ने बताया कि बीते दो वर्षों में कृषक उन्नति योजना के तहत ₹25 हजार करोड़ से अधिक की राशि दी जा चुकी है, जो अब बढ़कर ₹35 हजार करोड़ हो जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अन्नदाता की खुशहाली ही प्रदेश की सच्ची प्रगति है और किसानों के सम्मान की रक्षा सरकार का सर्वोच्च संकल्प है।