जगदलपुर। बस्तर दशहरा के अंतर्गत सिरहासार भवन में आयोजित मुरिया दरबार में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह व मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल हुए। मां दंतेश्वरी के चित्र पर दीप प्रज्वलन के बाद शाह ने मांझी-चालकी से संवाद कर नक्सलवाद के खात्मे में सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि मार्च 2026 तक बस्तर को माओवाद से मुक्त कर दिया जाएगा।
शाह ने युवाओं को मुख्यधारा से जुड़ने और आत्मसमर्पण करने का संदेश देते हुए कहा कि वे डॉक्टर, इंजीनियर और अधिकारी बनकर प्रदेश की सेवा करें। मुख्यमंत्री साय ने बस्तर दशहरा के लिए अनुदान राशि 25 लाख से बढ़ाकर 50 लाख करने की घोषणा की।
मुरिया दरबार में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, सांसद महेश कश्यप, मंत्रीगण, विधायक, बस्तर राजपरिवार के सदस्य और पारंपरिक पदाधिकारी उपस्थित रहे। पारंपरिक पगड़ी व माला पहनाकर अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया गया।

