गर्भवती पत्नी की हत्या करने वाला पति चढ़ा पुलिस के हत्थे

रायपुर। तिल्दा-नेवरा थाना क्षेत्र के ग्राम छतौद में गर्भवती पत्नी की गला दबाकर हत्या करने वाले पति को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी प्रदुम निर्मलकर (24) ने पूछताछ में जुर्म कबूल करते हुए बताया कि निजी विवाद के चलते उसने घटना को अंजाम दिया।

पुलिस के अनुसार मृतका सुरूज (7 माह गर्भवती) की शादी एक साल पहले प्रदुम से हुई थी। घटना के बाद मृतका के भाई ने रिपोर्ट दर्ज कराई। पीएम रिपोर्ट में दम घुटने से मौत की पुष्टि होने पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया। सख्ती से पूछताछ में आरोपी टूट गया और हत्या करना स्वीकार कर लिया।

पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर एंटी क्राइम यूनिट व थाना तिल्दा की टीम ने कार्रवाई कर आरोपी को गिरफ्तार किया।