रायपुर। केंद्रीय जेल रायपुर में ‘निश्चय’ कार्यक्रम के तहत 60 महिला बंदियों को अचार एवं मसाला निर्माण का प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है। प्रशिक्षण के बाद महिला बंदियों ने जेल परिसर में आम, नींबू, गाजर और लहसुन सहित विभिन्न प्रकार के अचार का उत्पादन शुरू कर दिया है।
तैयार अचार की बिक्री केंद्रीय जेल स्थित आस्था गृह उद्योग स्टॉल और जेल कैंटीन के माध्यम से की जा रही है। बिक्री से प्राप्त आय का एक हिस्सा महिला बंदियों के खातों में जमा किया जा रहा है। जेल अधीक्षक योगेश सिंह क्षत्री ने कहा कि जेल केवल दंड का स्थान नहीं, बल्कि सकारात्मक परिवर्तन और पुनर्वास का केंद्र भी है। रोजगारपरक प्रशिक्षण से बंदियों को रिहाई के बाद सम्मानजनक आजीविका का अवसर मिलेगा।

