सड़क पर जलभराव से राहत, निगम ने तोड़े 30 पाटे, नाली की करवाई सफाई

रायपुर। नगर निगम ने बंजारी बाबा मजार से एवरग्रीन चौक तक जाने वाले मुख्य मार्ग पर जलभराव की समस्या को गंभीरता से लेते हुए बड़ी कार्रवाई की। शास्त्री बाजार के सामने दुकानों के आगे नाली पर रखे गए करीब 30 पाटों को दो जेसीबी मशीनों की मदद से तोड़कर हटाया गया।

निगम आयुक्त श्री विश्वदीप के निर्देश पर जोन क्रमांक 4 की इस कार्रवाई में जोन कमिश्नर अरुण ध्रुव और स्वास्थ्य अधिकारी वीरेन्द्र चंद्राकर मौजूद रहे। नाली जाम होने के कारण पानी सड़कों पर भर रहा था, जिससे आवागमन में परेशानी हो रही थी। पाटे हटाकर जमकर सफाई की गई और जमा मलवा हटाया गया, जिससे सड़क पर जलभराव की समस्या से राहत मिली।

निगम ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में अवैध पाटे रखने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।