ATM मशीन टेंपरिंग कर रकम चोरी करने वाला आरोपी नागपुर से गिरफ्तार

आमानाका थाना व साइबर यूनिट की संयुक्त कार्रवाई, कई बैंकों में कर चुका था वारदात

रायपुर ।रायपुर पुलिस ने एटीएम मशीन से छेड़छाड़ कर ग्राहकों के पैसे चोरी करने वाले अंतर्राज्यीय आरोपी विश्वजीत सोमकुंवर (28 वर्ष), निवासी नागपुर को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने यूट्यूब से एटीएम टेंपरिंग की तकनीक सीखकर रायपुर और नागपुर के कई बैंकों में वारदात को अंजाम दिया था।

23 जून को टाटीबंध स्थित IDBI बैंक की एटीएम मशीन में छेड़छाड़ की शिकायत पर जांच शुरू की गई। आरोपी एटीएम के पैसे निकलने वाले स्लॉट में काली पट्टी लगाता था जिससे ग्राहक का पैसा फंस जाता और उनके जाते ही आरोपी रकम निकाल लेता था।

पूछताछ में पता चला कि आरोपी ने पंडरी, आमानाका और आजाद चौक स्थित बैंकों में भी ऐसी ही वारदातें की थीं। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 3 ATM, 9 पट्टियां, 8 रेडियम स्टिकर्स, मोबाइल, कैंची, बेलन और बैग बरामद किया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उम्मेद सिंह के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में साइबर यूनिट व आमानाका पुलिस की संयुक्त टीम शामिल रही।