रायपुर: 23 किलो गांजा के साथ चार आरोपी गिरफ्तार, गंज थाना पुलिस और एटीएस की संयुक्त कार्रवाई

रायपुर, 20 जून 2025 — छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गंज थाना क्षेत्र के तेलघानी नाका चौक के पास गंजा बेचने की तैयारी कर रहे चार आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के पास से 23 किलो 110 ग्राम अवैध गांजा, मोबाइल फोन और एक स्कूटी सहित कुल 4.48 लाख रुपए का सामान जब्त किया गया है।

एटीएस और गंज थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो युवक और दो युवतियां मालधक्का रोड पर दो ट्रॉली बैग और दो पिट्ठू बैग में अवैध गांजा रखकर बिक्री के लिए खड़े हैं। इस सूचना के आधार पर एटीएस (एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड) और थाना गंज पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर चारों संदिग्धों को पकड़ लिया।

तलाशी में मिला भारी मात्रा में गांजा

आरोपियों की तलाशी के दौरान ट्रॉली बैग और पिट्ठू बैग से हरे रंग के पॉलीथिन में पैक 23 पैकेट गांजा बरामद किया गया। कुल बरामद गांजे का वजन 23 किलो 110 ग्राम और बाज़ार मूल्य लगभग ₹2,30,000 आँका गया है।

गिरफ्तार किए गए आरोपी

  1. श्याम तांडी, पिता मतीराम तांडी, उम्र 35 वर्ष, निवासी स्टेशन चौक, कुम्हारी, जिला दुर्ग
  2. शिवा बघेल, पिता नकुल बघेल, उम्र 35 वर्ष, निवासी कोटा स्टेडियम के पास, थाना सरस्वती नगर, रायपुर
  3. निशा बग्गा, पिता परमेश्वर बग्गा, उम्र 26 वर्ष, निवासी भिलाई-3, मस्जिद के पीछे, जिला दुर्ग
  4. ईशा बग्गा, पिता परमेश्वर बग्गा, उम्र 21 वर्ष, निवासी भिलाई-3, मस्जिद के पीछे, जिला दुर्ग

इन सभी के विरुद्ध थाना गंज में अपराध क्रमांक 160/25 धारा 20बी नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

जप्त सामान:

23.110 किलो गांजा – अनुमानित कीमत ₹2,30,000

5 मोबाइल फोन

एक स्कूटी (एक्सेस) – अनुमानित कीमत ₹2,18,000

कुल जब्ती मूल्य – ₹4,48,000

विशेष अभियान की पृष्ठभूमि

रायपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अमरेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. उमेद सिंह के निर्देशानुसार रायपुर पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान में लगातार मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त अपराधियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।

टीम में शामिल अधिकारी व स्टाफ

उप निरीक्षक अनिल साहू प्रधान आरक्षक राजेश निषाद, दुर्गा बघेल चौधरीआरक्षक जितेश माझी, अशोक राठौर, शुभम शर्मा, उत्तर वर्मा इन सभी की मुस्तैदी और सतर्कता से यह कार्रवाई सफल हो सकी।