रायपुर में सार्वजनिक स्थान पर गांजा पी रहा युवक गिरफ्तार, NDPS एक्ट के तहत कार्यवाही

रायपुर, 19 जून 2025:
राजधानी रायपुर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। रवाभाठा मैदान में सार्वजनिक स्थान पर गांजा पी रहे एक युवक को पुलिस ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मन्नू सोनवानी (उम्र 18 वर्ष), निवासी बंजारी, आरटीओ ऑफिस के पीछे, देवर बस्ती के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से गांजा, चिलम और माचिस जब्त कर NDPS एक्ट की धारा 27 के तहत मामला दर्ज किया है।

पुलिस को मिली थी गोपनीय सूचना, तत्काल की गई कार्रवाई

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायपुर लाल उमेद सिंह के निर्देश पर जिले में नशे के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आज पुलिस पेट्रोलिंग के दौरान उन्हें सूचना मिली कि रवाभाठा मैदान में कुछ युवक अड्डेबाजी करते हुए गांजा पी रहे हैं। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मौके पर दबिश दी।

गांजा, चिलम और माचिस जब्त

मौके से मन्नू सोनवानी को गांजा पीते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। आरोपी के पास से एक कागज की पुड़िया में करीब 5 ग्राम गांजा (कीमत लगभग ₹20), एक काले रंग की मिट्टी से बनी चिलम (जिस पर मटमैली चिंद लगी थी), और एक माचिस का डिब्बा बरामद किया गया। गवाहों की उपस्थिति में पंचनामा तैयार कर जब्ती की कार्रवाई की गई।

NDPS एक्ट के तहत गिरफ्तारी, कोर्ट में किया गया पेश

पुलिस के अनुसार आरोपी का कृत्य NDPS एक्ट की धारा 27 के तहत अपराध की श्रेणी में आता है, जो अजमानतीय है। मौके पर देहाती नालसी तैयार कर बाद में नामजद अपराध दर्ज किया गया। आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में रिमांड पर पेश किया गया है।

नशे के विरुद्ध रायपुर पुलिस की सख्त कार्रवाई जारी

बता दें कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर रायपुर पुलिस नशे के विरुद्ध सख्त रुख अपनाए हुए है। पान ठेला और कुम्हारों की बैठक लेकर भी समझाइश दी जा चुकी है, साथ ही संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलते ही समय-समय पर चिलम व अन्य नशे के उपकरण जब्त किए जा रहे हैं।