राजनांदगांव, 14 जून 2025 — जिले में अवैध रेत खनन को लेकर एक बड़ी कार्रवाई सामने आई है। थाना बसंतपुर क्षेत्र के ग्राम मोहड़ नदी क्षेत्र में अवैध रेत खनन को लेकर शुरू हुए विवाद में अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। ताजा जानकारी के अनुसार, आज पुलिस ने इस मामले में एक और आरोपी अभिनव तिवारी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
घटना 11 जून 2025 की रात करीब 7 से 7:30 बजे के बीच की है, जब मोहड़ नदी में रैम्प निर्माण के लिए जेसीबी मशीन लेकर एक चालक पहुंचा था। स्थानीय ग्रामीणों ने जब अवैध खनन का विरोध किया तो एक कार से उतरे 7–8 लोगों ने ग्रामीणों से मारपीट की और फायरिंग भी की। घटना की सूचना मिलते ही थाना बसंतपुर में अपराध क्रमांक 257/2025 के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी पर बीएनएस की धाराएं 109(2), 191(2), 191(3), 190, 296, 115(2), 351(2) और आर्म्स एक्ट की धाराएं 25, 27 एवं माइनिंग एक्ट की धारा 21 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया।
इससे पहले इस मामले में भगवती निषाद और संजय रजक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। पुलिस ने आज तीसरे आरोपी अभिनव तिवारी, निवासी ग्राम सोमनी, को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने जेसीबी व हाईवा वाहन का मालिक होने और अवैध खनन की जानकारी होने की बात स्वीकार की। पूछताछ के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जिला जेल राजनांदगांव भेज दिया गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मामले से जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं और दबिश दी जा रही है। जल्द ही अन्य आरोपियों को भी हिरासत में लिए जाने की संभावना जताई जा रही है।
(रिपोर्ट – न्यूज़ डेस्क, thirdeye17news])
— अवैध खनन के खिलाफ पुलिस की यह कार्रवाई जिले में इस प्रकार के मामलों पर सख्ती की ओर एक अहम संकेत मानी जा रही है।

