रायपुर | गुढियारी थाना क्षेत्र के गोंदवारा ओव्हर ब्रिज के नीचे गांजा की तस्करी कर रहे एक आरोपी को रायपुर पुलिस ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। संयुक्त कार्रवाई में एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट और गुढियारी थाना पुलिस की टीम ने आरोपी के कब्जे से 1.100 किलोग्राम गांजा और ₹13,500 की नकद राशि जब्त की है। कुल जप्त सामग्री की अनुमानित कीमत करीब ₹25,000 बताई जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर रायपुर जिले में नशे के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट को 12 जून को सूचना मिली कि एक व्यक्ति गोंदवारा ओव्हर ब्रिज के नीचे बैग में गांजा लेकर बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर बताए गए हुलिए के व्यक्ति को पकड़ा।
पूछताछ में आरोपी की पहचान राजकुमार कोसरिया (पिता परदेशी राम कोसरिया, उम्र 28 वर्ष), निवासी अशोक नगर बाजारपारा, दुर्गा मंदिर के पास, थाना गुढियारी, रायपुर के रूप में हुई। आरोपी के बैग की तलाशी लेने पर उसमें 1.100 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना गुढियारी में अपराध क्रमांक 300/25 के तहत धारा 20बी नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की है।
इस कार्रवाई में शामिल अधिकारी:
निरीक्षक कृष्ण कुमार कुशवाहा (थाना प्रभारी गुढियारी)
प्रभारी निरीक्षक परेश कुमार पांडेय (एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट)
प्र.आर. जसवंत सोनी, आरक्षक अशीष राजपूत, हरजीत सिंह, टीकम साहू, विजय बंजारे, विकास क्षत्री
सउनि. धन्ना लाल पठारे एवं आरक्षक घनश्याम तिवारी (थाना गुढियारी)
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नशे के कारोबार पर प्रभावी रोकथाम हेतु लगातार पेट्रोलिंग, सूचना संकलन और मुखबिर तंत्र के जरिए कार्रवाई जारी रहेगी।

